बेल्जियम में पिछले सप्ताह विषाणुरोग मंकीपॉक्स के चार मामले सामने आने के बाद मरीज़ों को 21 दिन के पृथकवास में भेजना अनिवार्य कर दिया गया है। बेल्जियम पहला ऐसा देश है जिसने यह फैसला लिया है। एक ट्वीट में कोविड के लिए बनी राष्ट्रीय प्रयोगशाला के प्रभारी जीवाणु विशेषज्ञ एमैनुअल आंद्रे ने देश में चौथे मरीज़ में मंकीपॉक्स का संक्रमण पाये जाने की पुष्टि की।
मंकीपॉक्स, चेचक की ही श्रेणी का रोग है, जिसके लक्षण शरीर पर दाने होना, बुखार, बदन दर्द और सिर दर्द होना हैं। मंकीपॉक्स चेचक की तुलना में कम घातक है और इसकी मृत्युदर चार प्रतिशत से भी कम है। आमतौर पर मंकीपॉक्स रोग अफ्रीका के कुछ हिस्सों में पाया जाता है लेकिन इस रोग के असामान्य तरीके से फैलने पर विशेषज्ञ चिंतित हैं।