बीजेपी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आरोप लगाया है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के कार्यकाल में राष्ट्रीय राजधानी में कई घोटाले हुए हैं। नई दिल्ली के रामलीला मैदान में पंच परमेश्वर सम्मेलन को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने दिल्ली आबकारी नीति के कार्यान्वयन में कथित अनियमितताओं को लेकर सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार घोटालों की सरकार बन गई है और इसे अब सत्ता से बाहर करने की जरूरत है। उन्होंने स्कूल के कमरों के निर्माण, बसों की खरीद, आबकारी नीति और अन्य में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। जेपी नड्डा ने केजरीवाल के शिक्षा मॉडल पर सवाल उठाते हुए कहा कि शहर के स्कूलों में शिक्षकों तथा प्राचार्यों की कमी है और 70 प्रतिशत स्कूलों में विज्ञान की पढाई नहीं हो रही है। जेपी नड्डा ने गरीबों को स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए आयुष्मान भारत योजना को लागू नहीं करने के लिए भी दिल्ली सरकार की आलोचना की।
जेपी नड्डा ने कहा कि एमसीडी में भाजपा के कार्यकाल में लोगों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए कई कदम उठाये गए हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर कामकाज के लिए तीन एमसीडी को एकीकृत किया गया है। भाजपा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास का लक्ष्य हासिल किया है। इस अवर पर दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने भी कई मुद्दों पर दिल्ली सरकार की आलोचना की।