बिहार में बाढ़ की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। पश्चिम चंपारण, दरभंगा, मुजफ्फरपुर और शियोहर सहित दस जिले बाढ़ की चपेट में है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की बारह टीमें प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य कर रही हैं। बाढ़ में फंसे लोगों को ऊंचाई वाले और सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। उप मुख्यमंत्री रेनू देवी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत शिविर और सामुदायिक रसोई बनाई गई हैं। बाढ़ में फंसे लोगों के कोविड टीकाकरण के लिए मेडिकल टीम तैनात की गई हैं। इसके लिए नौकाओं की सहायता ली जा रही है।
इस बीच बाढ़ का पानी घटने पर पूर्व-मध्य रेलवे के दरभंगा-समस्तीपुर खंड पर ट्रेन सेवाएं बहाल हो गई हैं। पटरी बाढ़ में डूबने के कारण इस मार्ग पर ट्रेन सेवाएं करीब 15 दिन से बंद थी। स्थिति में सुधार होने के बाद इस मार्ग पर 12 जोड़ी विशेष रेलगाडि़यां चलाई गई हैं। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि मुक्तापुर-समस्तीपुर मार्ग पर रेल पुल और पटरी पर निगरानी जारी रहेगी।