फीफा फुटबॉल विश्व कप: कतर में फुटबॉल विश्व कप के अंतिम 16 की तस्वीर धीरे-धीरे साफ हो रही है। अब तक ब्राजील, पुर्तगाल और फ्रांस ने नॉकआउट दौर में प्रवेश कर लिया है। कल ब्राज़ील ने स्विट्जरलैंड को एक-शून्य से और पुर्तगाल ने उरुग्वे को दो-शून्य से हराया। चोटिल नेमार के बिना उतरी युवा ब्राजील की टीम के लिए मैच का एकमात्र गोल कैसमीरो ने 83वें मिनट में किया। इससे पहले 64वें मिनट में ब्राजील के विनीशियर जूनियर का गोल ऑफसाइड घोषित कर दिया गया था। वहीं स्विटजरलैंड को अंतिम 16 में पहुंचने के लिए अब 2 दिसंबर को सर्बिया से होने वाले मुकाबले का इंतजार करना होगा। उधर पुर्तगाल के जीत के नायक रहे ब्रूनो फर्नांडिस जिन्होंने उरुग्वे के खिलाफ दोनों गोल किए। अब तक क्रिस्टियानो रोनाल्डो पर निर्भर नजर आ रही पुर्तगाल की टीम इस मैच में बदली हुई नजर आई। इससे पहले कैमरून और सर्बिया के बीच मैच तीन-तीन गोल से ड्रा रहा। वहीं घाना ने दक्षिण कोरिया को 3-2 से पराजित किया।
विश्व कप में आज रात साढ़े आठ बजे ग्रुप-ए में इक्वाडोर का मुकाबला सेनेगल से और नीदरलैंड्स का सामना कतर से होगा। देर रात साढ़े 12 बजे ग्रुप बी में वेल्स का मुकाबला इंग्लैंड से और ईरान का सामना अमरीका से होगा।