प्रयागराज के महाकुंभ में आज गृह मंत्री अमित शाह ने त्रिवेणी में पवित्र डुबकी लगाई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कई संत भी पवित्र स्नान में गृह मंत्री के साथ थे।
दुनिया के सबसे बड़े आध्यात्मिक आयोजनों में से एक महाकुंभ में भारत और दुनिया भर से लाखों श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। अपनी यात्रा के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसके अलावा कई साधु और संतों से मुलाकात की।
मेले में श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए पूरे महाकुंभ मेला क्षेत्र में नो व्यय के जोन घोषित किया गया है। गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि महाकुंभ संपूर्ण विश्व को समानता और समरसता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि यह महाकुंभ केवल तीर्थस्थल नहीं है बल्कि देश की विविधता, आस्था और ज्ञान परंपरा का भी संगम है। केन्द्रीय अल्पसंख्यक मंत्री किरेन रिजिजू भी आज त्रिवेणी संगम पर पवित्र स्नान करेंगे। महाकुंभ के दौरान अब तक 13 करोड़ से अधिक श्रद्धालु संगम में पवित्र स्नान कर चुके हैं। 13 जनवरी से शुरू हुआ यह महाकुंभ का मेला 26 फरवरी तक चलेगा।
