प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के साहिबाबाद में देश की पहली क्षेत्रीय रेल, रैपिड-एक्स का उद्घाटन करेंगे। प्रथम चरण में यह रेल सेवा 17 किलोमीटर लम्बी होगी, जिसमें पांच स्टेशन होंगे। ये स्टेशन हैं- साहिबाबाद, गाजियाबाद, गुलधर, दुहाई और दुहाई-डीपो। इसकी सेवाएं 15 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध रहेंगी और यह 160 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चलेगी। रेलगाड़ी में एक डिब्बा महिलाओं के लिए आरक्षित होगा। दोनों ओर से पहली रेलगाड़ी छह बजे और अंतिम सेवा रात ग्यारह बजे उपलब्ध रहेगी। आम नागरिकों के लिए सेवाएं शनिवार से चालू की जाएंगी।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक विनय कुमार सिंह ने बताया कि टिकट खरीदने के लिए स्टेशनों पर यू०पी०आई० भुगतान सक्षम वेडिंग मशीनें लगाई गई हैं, जिन पर नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड को रिचार्ज करने की भी सुविधा होगी। यात्री रैपिड-एक्स स्टेशनों पर भी टिकट खरीद सकेंगे।