प्रधानमंत्री मोदी ने 75वें गणतंत्र दिवस को विशेष बताते हुए कहा है कि इस साल की परेड नारी शक्ति को समर्पित है

प्रधानमंत्री मोदी ने 75वें गणतंत्र दिवस को विशेष बताते हुए कहा है कि इस साल की परेड नारी शक्ति को समर्पित है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 75वें गणतंत्र दिवस को विशेष बताते हुए कहा है कि इस साल की परेड नारी शक्ति को समर्पित है। राष्‍ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि बालिकाओं में समाज और देश में परिवर्तनकारी बदलाव लाने की क्षमता है। प्रधानमंत्री ने आज नई दिल्‍ली में अपने निवास पर झांकियों के कलाकारों, राष्‍ट्रीय कैडेट कोर-एन सी सी के कैडेटों तथा राष्‍ट्रीय सेवा योजना के स्‍वयं सेवकों से मुलाकात की। उन्‍होंने 25 देशों के युवा सम्‍पर्क कार्यक्रमों के कैडेटों तथा गणतंत्र दिवस समारोह के जनजातीय अतिथियों से भी मुलाकात की।

राष्‍ट्र के विकास में युवाओं के महत्‍व को उजागर करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अमृतकाल में युवाओं की ऊर्जा देश को नई दिशा देगी। उन्‍होंने कहा कि देश ने वर्ष 2047 तक विकसित बनने का संकल्‍प लिया है और इसकी बडी जिम्‍मेदारी युवाओं पर है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सरकार हर क्षेत्र में नए अवसर तैयार करके युवाओं के सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने देश की शिक्षा व्‍यवस्‍था में सुधार के लिए कई कदम उठाए हैं। उन्‍होंने बताया कि युवा अपनी भाषा में शिक्षा प्राप्‍त कर सकते हैं तथा वे कोई भी विषय चुन सकते हैं। उन्‍होंने युवाओं से अनुसंधान और नवाचार में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया। उन्‍होंने कहा कि सरकार ने सशस्‍त्र बलों में शामिल होने की इच्‍छुक छात्राओं के लिए नए अवसर तैयार किए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने माय युवा भारत के बारे में बताया तथा युवाओं से माय भारत स्‍वयंसेवकों के रूप में पंजीकरण कराने का आग्रह किया। उन्‍होंने युवाओं से गणतंत्र दिवस समारोह के अपने अनुभवों को भी साझा करने का आ‍ग्रह किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि वे अपने अनुभव नमो एप पर लिखित या वीडियो रिकॉर्डिंग के जरिए बता सकते हैं।

प्रधानमंत्री ने राष्‍ट्र की प्रगति में जननायक कर्पूरी ठाकुर के योगदान की भी सराहना की। उन्‍होंने कहा कि जननायक ठाकुर जी का जीवन सभी के लिए प्रेरणा है। उन्‍होंने युवाओं से कर्पूरी ठाकुर के जीवन से सीखने का आह्वान किया जिन्‍होंने अपना जीवन गरीबों के उत्‍थान के लिए समर्पित कर दिया।

इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर तथा जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा भी उपस्थित थे।

Related posts

Leave a Comment