प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण ने लोगों के लिए सरकार का अर्थ बदल दिया है। आज शिमला में गरीब कल्याण सम्मेलन में प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने पहले दिन से ही गरीबों को सशक्त बनाने का काम किया है और नये भारत के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए प्रयास कर रही है जबकि पहले इन समस्याओं को स्थायी माना जाता था।
प्रधानमंत्री ने कहा कि शत-प्रतिशत सशक्तीकरण का अर्थ भेदभाव और तुष्टिकरण समाप्त करना तथा प्रत्येक गरीब को सरकारी योजनाओं को पूरा लाभ उपलब्ध कराना है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब गरीबों को सशक्त बनाया जाता है तो उनका दैनिक संघर्ष कम हो जाता है। इसके बाद उनमें गरीबी दूर करने के लिए नई ऊर्जा का संचार होता है। पीएम आवास योजना, छात्रवृत्ति हो या पेंशन योजनाएं, प्रौद्योगिकी की सहायता से सभी जगह भ्रष्टचार की आशंका न्यूनतम कर दी गई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण ने लगभग नौ करोड फर्जी लाभार्थियों की पहचान कर योजनाओं के लाभ प्रदान करने में हेराफेरी और अन्याय समाप्त कर दिया है।
गरीब कल्याण सम्मेलन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आठ वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया गया। इसके साथ ही इसे देशभर में राज्य की राजधानियों, जिला मुख्यालयों और कृषि विज्ञान केंद्रों में भी आयोजित किया गया। सम्मेलन में देशभर के निर्वाचित जन प्रतिनिधियों को जनता से सीधे बात करने का अवसर मिला और सरकार की विभिन्न कल्याण योजनाओं के बारे में सुझाव मिले।
प्रधानमंत्री मोदी ने प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना के तहत वित्तीय लाभ की 11वीं किस्त भी जारी की। इससे दस करोड से अधिक लाभार्थी किसान परिवारों के लिए लगभग 21 हजार करोड रूपये की राशि अंतरित होगी। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने देशभर में पीएम किसान योजना के लाभार्थियों से संवाद किया। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर इस अवसर पर शिमला में उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री ने पीएम किसान निधि की किस्त जारी करने के बाद जनसभा में किसानों को बधाई दी। उन्होंने संतोष व्यक्त किया कि सरकार के आठ वर्ष पूरा होने के अवसर पर पीएम कैयर्स फंड से चलाई जा रही बच्चों की योजना के लाभ भी वितरित किए गए।
देश की बढती शक्ति के बारे में प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत मजबूरी के तहत किसी के साथ मित्रता का हाथ नहीं बढाता बल्कि मुसीबत में सहायता करता है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कोरोना काल के दौरान भी हमने डेढ सौ से अधिक देशों को दवाएं और कोविड टीके उपलब्ध कराए।
प्रधानमंत्री ने 21वीं सदी के उज्ज्वल भारत में आने वाली पीढियों के सुनहरे भविष्य के लिए कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज भारत, विश्व की सबसे तेजी से बढती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि आज रिकार्ड स्तर पर विदेशी निवेश हो रहा है और निर्यात में भी रिकार्ड बन रहे हैं।