प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि देश 2047 तक विकसित भारत बनने के दृष्टिकोण के साथ आगे बढ रहा है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने में गतिशीलता क्षेत्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला है। प्रधानमंत्री आज नई दिल्ली में भारत मंडपम में भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2024 को संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस एक्सपो में गतिशीलता क्षेत्र के सभी हितधारक और संपूर्ण आपूर्ति श्रृंखला एक मंच पर आये हैं। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि कारों की बिक्री ने सभी रिकॉर्ड तोड डाले हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पीएम गति शक्ति कार्यक्रम के तहत एकीकृत परिवहन को बढावा दिया जा रहा है। उन्होंने इस क्षेत्र को और बढावा देने के लिए तथा ईज ऑफ ट्रांसफोर्मेशन के लिए सरकार द्वारा की जा रही पहलों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ रही है और उनकी सरकार के तीसरे कार्यकाल में भारत विश्व की तीसरी सबसे बडी अर्थव्यवस्था बन जायेगा।
भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2024 में गतिशीलता और ओटोमोटिव मूल्य श्रृंखला में भारत की क्षमताओं को प्रदर्शित किया जायेगा। इसमें प्रदर्शनी, सम्मेलन, क्रेता विक्रेता बैठकें, राज्यों के सत्र, सडक सुरक्षा मंडप और गो-कार्टिंग जैसे आकर्षण होंगे।
50 से भी ज्यादा देशों के 800 से ज्यादा प्रदर्शक इसमें हिस्सा ले रहे है। प्रदर्शनी में आधुनिक प्रौद्योगिकी, टिकाऊ समाधान और गतिशीलता के क्षेत्र के कीर्तिमानों को दर्शाया जायेगा। 28 से ज्यादा देशों के वाहन निर्माता इसमें हिस्सा लेंगे और लगभग 13 से ज्यादा वैश्विक बाजारों के हजारों ब्रैंड अपने उत्पाद, प्रौद्योगिकी और सेवाएं प्रदर्शित करेंगे।
प्रदर्शनी और सम्मेलनों के अलावा भारत मोबिलिटी एक्सपो में राज्यों के सत्र भी होंगे, जिसमें राष्ट्रीय और क्षेत्रीय स्तर पर सहयोग संभव बनाने के पहलों और क्षेत्रीय योगदान को भी दिखाया जाएगा।