प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज तीन दिन के गुजरात दौरे पर रहेंगे। वे आज गांधीनगर में स्कूलों के कमान और कंट्रोल सेंटर का दौरा करेंगे। यह केंद्र हर वर्ष पांच सौ करोड़ से अधिक आंकडे एकत्र करता है। यह विद्यार्थियों की प्रवीणता और क्षमता बढाने के लिए बड़े डेटा एनालिटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा मशीन लर्निंग का उपयोग करके उनका विश्लेषण करता है। यह केंद्र शिक्षकों और विद्यार्थियों की दैनिक ऑनलाइन उपस्थिति का पता लगाने में सहायता करता है और विद्यार्थियों के सीखने के परिणाम का केंद्रीकृत योगात्मक और आवधिक मूल्यांकन करता है।
प्रधानमंत्री मंगलवार को बनासकांठा के दियोदर में बनास डेयरी संकुल में कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और राष्ट्र को समर्पित करेंगे। वे जामनगर में परम्परागत औषधियों के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन के वैश्विक केंद्र की आधारशिला भी रखेंगे। इस अवसर पर मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ और विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक डॉक्टर टेड्रोस घेब्रेयेसस भी मौजूद रहेंगे। यह दुनियाभर में पारंपरिक चिकित्सा के लिए पहला और एकमात्र केंद्र होगा जो वैश्विक आरोग्यता के अंतरराष्ट्रीय केंद्र के रूप में उभरेगा।
प्रधानमंत्री मोदी बनास सामुदायिक रेडियो स्टेशन भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह सामुदायिक रेडियो स्टेशन किसानों को कृषि और पशुपालन से संबंधित महत्वपूर्ण वैज्ञानिक जानकारी प्रदान करने के लिए स्थापित किया गया है। आशा है कि इस रेडियो स्टेशन से लगभग एक हजार 700 गांवों के पांच लाख से अधिक किसान लाभान्वित होंगे।
प्रधानमंत्री बुधवार को गांधीनगर में वैश्विक आयुष निवेश और नवाचार शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। शिखर सम्मेलन से निवेश क्षमता को उजागर करने में मदद मिलेगी और नवाचार, अनुसंधान तथा विकास, स्टार्ट-अप पारिस्थितिकी तंत्र और आरोग्य उद्योग को बढ़ावा देगा। प्रधानमंत्री मोदी दाहोद में आदि-जाति महा-सम्मेलन में भी शामिल होंगे। वे लगभग 22 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। सम्मेलन में दो लाख से अधिक लोगों के भाग लेने की उम्मीद है।