प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी क्वाड नेताओं की शिखर बैठक में हिस्सा लेने के लिए जापान की दो दिन की यात्रा पर आज सुबह तोक्यो पहु्ंच गए। भारतवंशियों ने प्रधानमंत्री मोदी का उस होटल में गर्मजोशी से स्वागत किया जिसमें वे रूके हुए हैं। भारतवंशियों ने प्रधानमंत्री को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की और तिरंगा लहराया।
कई बच्चे अपने माता-पिता के साथ होटल में मौजूद थे और प्रधानमंत्री के आगमन पर अपने हाथ हिला रहे थे। बच्चों के हाथ में पोस्टर थे जिसमें भारत की विभिन्न भाषाओं में स्वागत लिखा हुआ था। प्रधानमंत्री ने उनमें से एक बच्चे से बात की और उसे अपना ऑटोग्रॉफ दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने जापान में उनका गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए भारतवंशियों को धन्यवाद दिया। उन्होंने एक ट्वीट में कहा कि जापान में भारतीय समुदाय ने विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वे भारत में अपनी जड़ों से जुडे हुए हैं।
कल क्वाड शिखर बैठक में भाग लेने के अलावा प्रधानमंत्री मोदी, अमरीका के राष्ट्रपति जो. बाइडेन, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीस और जापान के प्रधानमंत्री फूमियो किशिदा के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी आज जापान के उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और भारतीय मूल के लोगों के साथ बातचीत करेंगे।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि तोक्यो में शिखर बैठक के दौरान क्वाड पहल पर अब तक हुई प्रगति की समीक्षा करने का अवसर मिलेगा और भविष्य के कार्यक्रम तय किये जायेंगे।
पिछले वर्ष मार्च में हुई पहली वर्चुअल बैठक के बाद क्वाड नेताओं की यह चौथी बैठक होगी। क्वाड चार देशों को एक स्वतंत्र, खुले और समावेशी भारत प्रशांत क्षेत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धताओं से एकजुट करता है। क्वाड नेताओं ने कोविड एवं वैश्विक स्वास्थ्य, बनियादी ढांचा, जलवायु, शिक्षा, साइबर सुरक्षा और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में महत्वाकांक्षी पहल की है। वहीं क्वाड वैक्सीन साझेदारी के तहत कंबोडिया और थाइलैंड तक टीके भी पहुंचाये गये हैं। क्वाड शिखर सम्मेलन में संबंधित नेता क्वाड पहल की प्रगति की समीक्षा के साथ-साथ सहयोग बढ़ाने के लिए नये क्षेत्रों की भी पहचान करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी कल अमरीका के राष्ट्रपति बाइडेन के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। भारत अमरीका के बीच बहुपक्षीय संबंधों में मजबूती आई है। दोनों देशों के बीच व्यापार, रक्षा, सुरक्षा, जलवायु, शिक्षा और ऊर्जा से संबंधित विभिन्न क्षेत्रों में दीर्घकालिक सहयोग आगे बढ़ रहा है। दोनों देशों में नियमित रूप से यात्राएं और संवाद हो रहे हैं जो केवल द्विपक्षीय एजेंडे तक ही नहीं सीमित है बल्कि इसमें क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दे शामिल हैं। प्रधानमंत्री मोदी की राष्ट्रपति बाइडेन के साथ बैठक में उच्चस्तरीय संवाद जारी रखने और दोनों देशों के बीच संबंधों को आगे ले जाने के बारे में विचार विमर्श होगा।
प्रधानमंत्री मोदी शिखर बैठक से अलग जापान के प्रधानमंत्री किशिदा से भी मुलाकात करेंगे। जापान, भारत के सबसे महत्वपूर्ण भागीदारों में एक है। प्रधानमंत्री मोदी ने भारत जापान संबंधों को इस क्षेत्र में सबसे महत्वपूर्ण बताया है। पिछले कुछ वर्षों में भारत और जापान के बीच विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी में काफी तेजी आई है। दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच इस बैठक से दोनों देशों के उच्चस्तरीय कार्यक्रमों को आगे ले जाने और परस्पर सहयोग के एजेंडे को बढ़ाने का अवसर मिलेगा। जापान के प्रधानमंत्री की हाल की भारत यात्रा के सकारात्मक परिणाम रहे हैं जिसमें जापान से भारत में अगले पांच वर्षों में 50 खरब येन यानी लगभग 40 से 42 अरब डॉलर का सरकारी और निजी निवेश शामिल है।
तोक्यो में दोनों प्रधानमंत्री व्यापार और निवेश, स्वच्छ ऊर्जा पूर्वोत्तर में सहयोग, जन संपर्क सहित द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों को मजबूत करने के बारे में विचार-विमर्श करेंगे। दोनों नेताओं के बीच क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर भी बातचीत होगी।
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय बैठक में दोनों नेता भारत और ऑस्ट्रेलिया व्यापक सामरिक भागीदारी की समीक्षा करेंगे और आपसी हित के क्षेत्रीय तथा वैश्विक घटनाक्रमों पर विचार-विमर्श करेंगे।
CBSE का बड़ा फैसला! कक्षा 7, 8 और 9 के छात्रों को तीन-भाषा नीति में… Read More
सोने की कीमतों में गिरावट से बदला बाजार का रुख देशभर में सोने की कीमतों… Read More
आज का लव राशिफल 29 जून 2026 29 जून 2026 का दिन प्रेम संबंधों के… Read More
FIFA World Cup 2026 में नॉकआउट चरण की तस्वीर होने लगी स्पष्ट FIFA World Cup… Read More
MLC 2026 में अहम मुकाबले पर सबकी नजर San Francisco Unicorns और Washington Freedom के… Read More
अमेरिका के कई राज्यों में विंटर स्टॉर्म का अलर्ट अमेरिका के कई राज्यों में इस… Read More
This website uses cookies.
Leave a Comment