देश के पहले इंट्रा नेजल कोविड वैक्सीन को 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लिए आपातकालीन स्थिति में सीमित प्रयोग की मंजूरी मिल गई है। इसे भारत बायोटेक ने विकसित किया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर मनसुख मांडविया ने एक ट्वीट में इसे कोविड के खिलाफ भारत की लड़ाई में एक बड़ी उपलब्धि बताया है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन- सीडीएससीओ ने कोविड के खिलाफ प्राथमिक रोग प्रतिरोधक क्षमता के लिए नेजल वैक्सीन को मंजूरी दी है।
डॉक्टर मांडविया ने कहा कि यह कदम महामारी के खिलाफ सरकार के सामूहिक प्रयासों को और मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, भारत ने कोविड-19 के खिलाफ विज्ञान, अनुसंधान और विकास तथा मानव संसाधनों का समुचित उपयोग किया है। स्वास्थ्य मंत्री ने आशा जताई कि वैज्ञानिक सोच और प्रयासों के माध्यम से देश कोविड 19 को हरायेगा।