केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन ने कल नागालैंड के फेक जिले का दौरा किया। एल मुरुगन ऐसे पहले केंद्रीय मंत्री हैं, जिन्होंने भारत-म्यामां सीमा पर स्थित देश के इस पहले गांव का दौरा किया है।
एल मुरुगन ने कल अवांगखू में अंतरराष्ट्रीय व्यापार केंद्र में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में कहा कि मोदी सरकार पूर्वोतर के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अंतिम गांव को देश का पहला गांव मानते हैं। एल मुरुगन ने कहा कि पूर्वी पड़ोसी देशों को प्राथमिकता देने की एक्ट ईस्ट नीति के तहत अवांगखू सीमा तक दो लेन के सड़क मार्ग पर काम जल्द ही शुरू होगा। उन्होंने कहा इससे सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास में तेज़ी आएगी।
एल मुरुगन ने कहा कि राष्ट्रीय पशुधन मिशन के अंतर्गत राज्य के उद्यमियों को को सहायता दी जा रही है और कृषि ढांचे तथा प्रौद्योगिकी को मज़बूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले 9 वर्षों में शूकरपालन क्षेत्र के लिए सहायता के तौर पर राज्य सरकार को लगभग एक हज़ार 770 लाख रूपए की सहायता दी गई है।
एल मुरुगन ने भारत-म्यामां सीमा का दौरा किया और मौजूदा स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने फेक जिले में चेसेजू गांव का दौरा भी किया। एल मुरुगन ने दावा किया कि नेताजी सुभाष चन्द्र बोस द्ववितीय विश्व युद्ध के समय इस गांव में रुके थे। उन्होंने फेक जिले में बाल फिल्म प्रदर्शनी के लिए 14 लाख निन्यानवे हज़ार रुपये के अनुदान की भी घोषणा की।