प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दुबई में कॉप-28 सम्मेलन में विश्व के कई नेताओं से बातचीत भी की। इन नेताओं में श्रीलंका के राष्ट्रपति राणिल विक्रमसिंधे, बहरीन के शाह हमाद बिन इसा अल खलीफा, नीदरलैंड के प्रधानमंत्री मार्क रूटे, यूनाइटेड अरब अमीरात की प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मक्तूम, उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्जीयोयेव, ताजिकिस्तान के राष्ट्रपति इमोमाली रहमान और जॉर्डन के शाह अब्दुल्ला शामिल हैं। कॉप-28 सम्मेलन बृहस्पतिवार को आरंभ हुआ और 12 दिसंबर तक चलेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा, “COP28 दुबई शिखर सम्मेलन के दौरान ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक के साथ उत्कृष्ट बातचीत हुई। भारत-ब्रिटेन के बीच की मित्रता आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य बनाने में मदद करेगी।”
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा, “COP28 शिखर सम्मेलन के दौरान अपने दोस्तों, ब्रिटेन के विदेश सचिव डेविड कैमरन और ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर से मिलकर खुशी हुई। मैं सतत विकास की दिशा में काम करने के उनके जुनून की सराहना करता हूं।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा, “COP28 में जॉर्डन के महामहिम राजा अब्दुल्ला द्वितीय से मिलकर खुशी हुई। हमारी चर्चाएं समृद्ध और दोनों देशों की गहरी दोस्ती को प्रतिबिंबित करती रही। हम अपने संबंधों को और मजबूत करने के लिए तत्पर हैं।”
प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात के दुबई में नीदरलैंड के प्रधानमंत्री मार्क रुटे से मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, “नीदरलैंड के अपने मित्र मार्क रुटे के साथ विचारों का आदान-प्रदान करना हमेशा ताज़गी भरा होता है।”