दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि दिल्ली सरकार कोविड-19 की संभावित तीसरी लहर को देखते हुए डॉक्टरों और नर्सों की सहायता के लिए पांच हजार युवाओं को प्रशिक्षित करेगी। उन्होंने बताया कि, स्वास्थ्य सहायकों या सामुदायिक नर्सिंग सहायकों को नर्सिंग और लाइफकेयर में दो सप्ताह का बुनियादी प्रशिक्षण दिया जाएगा। 28 जून से शुरू हो रहे प्रशिक्षण में एक बैच में पांच सौ युवा होंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि प्रशिक्षण लेने के इच्छुक आवेदकों को 12वीं कक्षा उत्तीर्ण और कम से कम 18 वर्ष का होना चाहिए।
प्रशिक्षण के लिए ऑनलाइन आवेदन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर 17 जून से लिए जाएंगे। चयनित आवेदक डॉक्टरों और नर्सों के सहायक के रूप में काम करेंगे। उन्हें नर्सिंग, पैरामेडिक्स, जीवन रक्षा, प्राथमिक उपचार और घरेलू देखभाल का बुनियादी प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।