दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने आज अपने नेटवर्क पर यात्रियों की सुविधा के लिए DMRC ट्रैवल नाम से मोबाइल ऐप लांच किया है। यह ऐप मोबाइल क्यूआर टिकट बनाएगा जो सुविधाजनक और परेशानी मुक्त होगा। ऐप को औपचारिक रूप से DMRC के प्रबंध निदेशक डॉ. विकास कुमार ने मेट्रो भवन स्थित मुख्यालय से वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में लॉन्च किया।
इस नए मोबाइल ऐप के साथ, यात्री अब सीधे अपने स्मार्टफ़ोन से टिकट खरीद सकते हैं, जिससे टिकट काउंटरों और वेंडिंग मशीनों पर जाने या कतारों में खड़े होने की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी। यात्री अब त्वरित और कुशल टिकटिंग प्रक्रिया का अनुभव कर सकते हैं, जिससे उनके यात्रा के दौरान समय की बचत होगी।
इस ऐप में ट्रैवल प्लानर, किराया कैलकुलेटर, स्टेशन की जानकारी और स्मार्ट कार्ड रिचार्ज जैसी अन्य यात्री सुविधाएं भी हैं। ऐप इंटरचेंज स्टेशनों सहित मूल स्थान से गंतव्य तक मार्ग की जानकारी भी दिखाता है। कोई भी लेनदेन इतिहास देख सकता है, उसी मूल-गंतव्य और वापसी यात्रा के लिए टिकट दोबारा बुक कर सकता है।