दस दिन का गणेश उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ महाराष्ट्र और देश के अन्य भागों में आज संपन्न हो रहा है। मुंबई और पुणे में गणेश मंडलों में बड़ी संख्या में लोगों ने गणेश जी का आर्शीवाद लिया। राज्य में स्थानीय निकायों ने गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए विशेष प्रबंध किए हैं।
मुंबई में गणेश मूर्तियों के विसर्जन के लिए कुल 73 प्राकृतिक विसर्जन स्थल और 150 से अधिक कृत्रिम तालाब उपलब्ध होंगे। मुंबई नगर निगम के अनुसार, भक्तों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 786 लाइफगार्ड, 45 मोटरबोट और तीन हजार से अधिक फ्लड लाइट तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 15,500 पुलिसकर्मी, 3200 अधिकारी, महाराष्ट्र राज्य रिजर्व पुलिस बल की आठ कंपनियां, रैपिड एक्शन फोर्स की एक कंपनी और 750 होमगार्ड भी शहर पर नजर रखेंगे। विसर्जन के लिए सभी स्थानों पर उपलब्ध जर्मन राफ्ट और प्रशिक्षित लोगो से सहायता लेने के लिए कहा गया है। एहतियात के तौर पर नगर निगम ने 188 नियंत्रण कक्ष, 83 एम्बुलेंस और 188 प्राथमिक चिकित्सा केंद्र स्थापित किए हैं।
हैदराबाद में गणेश मूर्ति विसर्जन के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। दस दिन के गणेश उत्सव के दौरान करीब तीस हजार मूर्तियां हैदराबाद में हुसैन सागर झील में विसर्जित की जाएंगी। विसर्जन के लिए तीस अतिरिक्त लघु और कृत्रिम सरोवर बनाए गए हैं। बृहद हैदराबाद नगर निगम के विभिन्न विभागों से दस हजार से अधिक कर्मचारियों और लगभग 25 हजार पुलिस कर्मियों को विसर्जन कार्य में तैनात किया गया है। तेलंगाना सरकार ने गणेश विसर्जन के अवसर पर स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी कार्यालयों में आज अवकाश घोषित किया है।