दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर बना दबाव का क्षेत्र अंडमान से आगे निकोबार द्वीप समूह की ओर बढ़ रहा है

बंगाल की खाड़ी के दक्षिण पूर्व और उससे सटे दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर बना दबाव का क्षेत्र अब उत्तर और उत्तर पूर्व की ओर तथा अंडमान से आगे और निकोबार द्वीप समूह की ओर बढ़ रहा है। अगले बारह घंटे में तीव्र होकर आज शाम तक इसके चक्रवातीय तूफान में बदल जाने की आशंका है। उसके बाद यह कल उत्तर पूर्व में बांग्लादेश और उत्तरी म्यांमां तक पहुंच सकता है। इसके असर के कारण कल पोर्टब्लेयर में घने बादल छाए रहे और वर्षा भी हुई।

चक्रवातीय तूफान की आशंका को देखते हुए अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में एहतियातन पर्यटन संबंधी गतिविधियां कल तक के लिए स्थगित कर दी गई हैं। सभी स्कूल आज बंद रहेंगे। इसके अतिरिक्त जलयान सेवाएं भी रद्द कर दी गई हैं।

इस बीच, अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में तैनात राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के बचाव दल स्थिति का सर्वेक्षण कर रहे हैं और जिला प्रशासन की मदद से निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सावधान कर रहे हैं।

Related posts

Leave a Comment