डेनमार्क की प्रधानमंत्री मैट फ्रेडरिक्सन शनिवार से तीन दिन की सरकारी यात्रा पर भारत आएंगी। इस दौरान वे राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद से मुलाकात करेंगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से द्विपक्षीय वार्ता करेंगी।
मैट फ्रेडरिक्सन की यात्रा से दोनों देशों को आपसी संबंधों से जुड़े सभी मुद्दों पर चर्चा का अवसर मिलेगा। इस दौरान हरित रणनीतिक साझेदारी के कार्यान्वयन की प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी। पिछले वर्ष 28 सितम्बर को वर्चुअल शिखर सम्मेलन में भारत और डेनमार्क ने हरित रणनीतिक साझेदारी शुरू की थी। दोनों पक्ष आपसी हित के क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा भी करेंगे।
डेनमार्क की प्रधानमंत्री प्रबुद्धजनों, विद्यार्थियों और नागरिक समाज के सदस्यों के साथ बातचीत भी करेंगे।
भारत और डेनमार्क के बीच प्रगाढ़ व्यापार और निवेश संबंध हैं। भारत में 200 से अधिक डेनमार्क की कम्पनियां और डेनमार्क में भारत की 60 से अधिक कम्पनियां काम कर रही हैं।