जर्मन संसद के जर्मन-भारतीय संसदीय समूह के प्रतिनिधिमंडल ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला से मुलाकात की

लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि भारत और जर्मनी वैश्विक चुनौतियों से निपटने में महत्‍वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। जर्मनी की संसद बुंडेसटाग के एक शिष्‍टमंडल ने आज संसद परिसर में ओम बिरला से मुलाकात की। इस अवसर पर ओम बिरला ने कहा कि भारत और जर्मनी के बीच दीर्घकालिक संबंध साझा मूल्‍यों और लक्ष्‍यों पर आधारित है।

लोकसभा अध्‍यक्ष ने दोनों देशों की संसद के बीच मजबूत सहयोग के लिए जर्मनी के सांसदों के योगदान की सराहना की। उन्‍होंने कहा कि वर्ष 2000 से ही भारत और जर्मनी के बीच रणनीतिक साझेदारी चली आ रही है जिसे 2011 में दोनों देशों के शासनाध्‍यक्षों के परस्‍पर संपर्क से और मजबूती मिली है। उन्‍होंने इस बात पर प्रसन्‍नता व्‍यक्‍त की कि जर्मनी की वर्तमान सरकार के प्रयासों से दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंध और मजबूत हुए हैं।

ओम बिरला ने लोकतांत्रिक मूल्यों, नियम-आधारित अंतर्राष्ट्रीय व्यवस्था, बहुपक्षवाद और अंतर्राष्‍ट्रीय संगठनों में सुधार के लिए भारत और जर्मनी के विचारों में तालमेल का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। भारत की सदियों पुरानी लोकतांत्रिक विरासत है, जिसके कारण इसे दुनिया भर में लोकतंत्र की जननी के रूप में जाना जाता है।

Related posts

Leave a Comment