तमिलनाडु में क्षेत्रीय मौसम विभाग ने बताया है कि बंगाल की खाड़ी के दक्षिण पूर्व में दो दिन में हवा के कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम से उत्तर तमिलनाडु समुद्र तट की ओर बढ़ सकता है। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि चेन्नई और आसपास के जिलों में कल से हो रही भारी वर्षा से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। कल रात से जारी वर्षा से निचले इलाकों में पानी भर गया है। मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने जिला कलेक्टर से कहा है कि वे जलाशयों की स्थिति पर नजर रखें क्योकि वहां पचास प्रतिशत से अधिक पानी भर गया है। डेल्टा के 12 जिलों में 60 प्रतिशत से भी अधिक वर्षा हुई है।
इस बीच, दिल्ली, मुम्बई और चेन्नई में बादल छाए रहेंगे। कोलकाता में आसमान साफ रहेगा। जम्मू और मुज़फ्फराबाद में धूप खिली रहेगी। श्रीनगर, लेह, गिलगित में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। न्यूनतम तापमान शून्य से छह डिग्री नीचे और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।