चुनाव आयोग ने आम आदमी पार्टी को राष्‍ट्रीय पार्टी का दर्जा दिया; TMC, CPI और NCP से राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा समाप्‍त किया

निर्वाचन आयोग ने आम आदमी पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा प्रदान किया है, जबकि तृणमूल कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी से राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा वापस ले लिया है।

निर्वाचन आयोग ने कल जारी अपने आदेश में कहा कि गुजरात में राज्य स्‍तरीय पार्टी के रूप में मान्यता मिलने के बाद आम आदमी पार्टी चार राज्यों – दिल्ली, पंजाब, गोवा और गुजरात में मान्यता प्राप्त राज्य स्‍तरीय पार्टी बन गई है। आम आदमी पार्टी ने राष्ट्रीय पार्टी के रूप में मान्यता की पात्रता शर्तों को पूरा किया है। आयोग ने पश्चिम बंगाल और ओडिशा राज्यों में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की राज्य स्‍तरीय पार्टी का दर्जा भी वापस ले लिया है। आयोग ने मणिपुर, गोवा और मेघालय में राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को मिला राज्य स्‍तरीय पार्टी का दर्जा भी वापस ले लिया है।

उत्‍तर प्रदेश राज्‍य चुनाव आयोग ने नगर निकाय चुनावों की घोषणा की

उत्‍तर प्रदेश राज्‍य चुनाव आयोग ने नगर निकाय चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। सात सौ 60 सीटों के लिए चुनाव दो चरणों में चार मई और ग्‍यारह मई को होंगे। मतगणना 13 मई को होगी। नगर निगम चुनाव अधिकारी कल अधिसूचना जारी करेंगे। नामांकन 17 अप्रैल से भरे जा सकेंगे। 18 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होंगी और 20 अप्रैल तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।

कर्नाटक विधानसभा चुनाव

कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन कार्यालय ने 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए मतदाताओं के नामांकन, चुनावी भागीदारी और मतदान में सुधार के लिए राज्य भर में घर-घर जाकर व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी अभियान चलाया है।

Related posts

Leave a Comment