केंद्रीय गृह मंत्रालय ने जम्मू-कश्मीर में कोट भलवाल जेल की सुरक्षा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) को सौंपे जाने के आदेश दिये हैं। इस जेल में बड़ी संख्या में स्थानीय और पाकिस्तानी आतंकवादी कैद हैं। अगले कुछ दिनों में सीआईएसएफ इस जेल की सुरक्षा व्यवस्था संभाल लेगा। पहले यह जिम्मेदारी केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल के पास थी।
श्रीनगर कारागार के बाद जम्मू-कश्मीर में यह दूसरा कारागार होगा, जिसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी अब सीआईएसएफ की होगी। बाद में कुछ अन्य जेलों की सुरक्षा व्यवस्था भी उसे सौंपे जाने संभावना है। सुरक्षा दायित्व से मुक्त किए गए केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल की टुकड़ियों को आतंक-रोधी अभियानों में लगाया जाएगा।