भारत बायोटेक लिमिटेड ने आज स्पष्ट किया कि कोवैक्सीन अत्यधिक शुद्ध है और इसमें केवल इनएक्टिव वायरस के घटक ही मौजूद हैं। कम्पनी ने वैक्सीन में नवजात बछड़े का सीरम इस्तेमाल किए जाने के सम्बंध में यह स्पष्टीकरण जारी किया है। सोशल मीडिया पर इस तरह की पोस्ट डाली गई है जिनमें कहा गया है कि इस वैक्सीन में नवजात बछड़े का सीरम मिलाया गया है।
कम्पनी ने कहा है कि नवजात बछड़े का सीरम कोशिकाओं की वृद्धि के लिए वायरल वैक्सीन बनाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। ऐसा सीरम नोवेल कोरोना वायरस की वृद्धि या अंतिम फार्मूला तैयार करने में कभी भी इस्तेमाल नहीं किया गया।
कम्पनी के अनुसार कईं दशकों से दुनियाभर में वैक्सीन बनाने के लिए गोवंश का सीरम व्यापक रूप से इस्तेमाल किया जाता रहा है और पिछले नौ महीनों में नवजात बछड़े के सीरम के उपयोग के बारे में दस्तावेज पारदर्शी ढंग से तैयार किए गए हैं।