केरल सरकार ने मलप्पुरम जिले के तनूर के पास कल हुई नौका दुर्घटना की व्यापक न्यायिक जांच का आदेश दिया है, जिसमें कई महिलाओं और बच्चों सहित 22 लोगों की जान चली गई थी। तनूर में अपने कैबिनेट सहयोगियों के साथ बैठक के बाद संवाददाताओं से बात करते हुए, मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को दस-दस लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उन सभी का खर्च वहन करेगी जिनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस की एक विशेष जांच टीम भी इस त्रासदी की जांच करेगी। मुख्यमंत्री विजयन बाद में कोट्टाकल के एक निजी अस्पताल गए जहां कुछ घायलों का इलाज चल रहा है। इसके साथ ही विभिन्न अस्पतालों में भर्ती आठ अन्य घायलों का भी उपचार चल रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल के मलप्पुरम में नौका दुर्घटना में लोगों की मौत पर दुख जताया है। प्रधानमंत्री मोदी ने एक ट्वीट में शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मृतक के निकट संबंधी को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी।
केरल के मलप्पुरम ज़िले के तनूर क्षेत्र में रविवार शाम लगभग 35 पर्यटकों को ले जा रही एक नाव के ओट्टुब्रम थूवल थीरम में डूबने से 22 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 15 बच्चे और 5 महिलाएं शामिल हैं।