केरल देश का एकमात्र राज्य, जहां कोविड सक्रिय मामले एक लाख से ऊपर: स्वास्थ्य मंत्रालय

केरल देश का एकमात्र राज्य, जहां कोविड सक्रिय मामले एक लाख से ऊपर: स्वास्थ्य मंत्रालय

सरकार ने कहा है कि देश में दूसरी लहर के दौरान कोविड के दैनिक नए मामलों में गिरावट जारी है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने आज नई दिल्ली में मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि 7 मई को लगभग चार लाख 14 हजार नए मामले दर्ज किए गए थे जबकि पिछले 24 घंटे में करीब 28 हजार 204 मामले दर्ज किए गए हैं। लव अग्रवाल ने कहा कि पिछले सप्ताह कुल मामलों में से 51 प्रतिशत से अधिक मामले केरल से सामने आए।

लव अग्रवाल ने बताया कि नौ राज्यों के 37 जिलों में पिछले दो सप्ताह के दौरान दैनिक नए मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई। ये राज्य हैं केरल, तमिलनाडु, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, मेघालय और मिजोरम।

लव अग्रवाल ने कहा कि भारत में सक्रिय मामलों में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की जा रही है और अभी यह लगभग तीन लाख 88 हजार है। उन्होंने जानकारी दी कि केरल देश का एकमात्र राज्य है जहां सक्रिय मामले एक लाख से ऊपर हैं।

उन्होंने कहा कि 27 राज्यों में दस हजार से कम सक्रिय मामले हैं। लव अग्रवाल ने कहा कि देश में स्वस्थ होने की दर में भी लगातार वृद्धि देखी जा रही है जो आज 97 दशमलव चार प्रतिशत है।

लव अग्रवाल ने लोगों से अपील की कि वे मास्क पहनने और सामाजिक दूरी बनाए रखने जैसे उचित व्यवहार का पालन करना जारी रखें क्योंकि वे कोविड से सुरक्षा देने में बहुत प्रभावी उपाय हैं।

Related posts

Leave a Comment