कानपुर में न्यूजीलैंड के साथ पहले क्रिकेट टेस्ट मैच के चौथे दिन ताजा समाचार मिलने तक भारत ने दूसरी पारी में सात विकेट पर 193 रन बना लिए थे। इसके साथ ही भारत की न्यूजीलैंड पर कुल बढ़त 242 रन की हो गई है। भारत की ओर से श्रेयस अय्यर ने 65 रन की पारी खेली।
खेल के तीसरे दिन कल पहली पारी में न्यूजीलैंड की पूरी टीम 296 रन पर आउट हो गई। टॉम लैथम ने सर्वाधिक 95 रन और विल यंग ने 89 रन की पारी खेली। भारत की ओर से अक्षर पटेल ने पांच और रविचन्द्रन अश्विन ने तीन विकेट लिए। रवीन्द्र जडेजा और उमेश यादव को एक-एक विकेट मिला। भारत ने पहली पारी में 345 रन बनाए थे। पहली पारी के आधार पर भारत को 49 रन की बढ़त मिली थी।