उत्‍तर प्रदेश में योगी आदित्‍यनाथ के नेतृत्‍व में भाजपा सरकार ने आज साढ़े चार साल पूरे किये

उत्‍तर प्रदेश में योगी आदित्‍यनाथ के नेतृत्‍व में भाजपा सरकार ने आज साढ़े चार साल पूरे किये

उत्‍तर प्रदेश में योगी आदित्‍यनाथ के नेतृत्‍व में भाजपा सरकार ने आज साढ़े चार साल पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पर मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कहा है कि राज्‍य ने इन चार साल छह महीनों में विकास की कई उपलब्धियां हासिल की है। अखबार में लिखे एक लेख में योगी आदित्‍यनाथ ने कहा है कि उत्‍तर प्रदेश सभी राज्‍यों में दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्‍यवस्‍था के रूप में उभरा है। उन्‍होंने कहा कि आसानी से कारोबार के सूचकांक में राज्‍य 14वें से दूसरे स्‍थान पर पहुंच गया है।

मुख्‍यमंत्री ने कहा है कि राज्‍य सरकार ने चार लाख 50 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार प्रदान किए हैं और एक करोड़ 61 लाख से अधिक युवकों को निजी क्षेत्र में नौकरियां मिली हैं। इसके अतिरिक्‍त 60 लाख से अधिक लोगों को स्‍वरोजगार की सुविधा से जोड़ा गया है।

मुख्‍यमंत्री ने कहा है कि उनके कार्यकाल के दौरान देश कोरोना महामारी से जूझ रहा था लेकिन राज्‍य सरकार ने इस चुनौती से सफलतापूर्वक निपटने में कामयाबी हासिल की और आपदा को अवसर में बदला। योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि राज्‍य में बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। उन्‍होंने कहा कि सरकार समाज के सभी वर्गों को सुरक्षा प्रदान कर रही है और उनके कल्‍याण तथा खुशहाली को सुनिश्चित कर रही है। उन्‍होंने कहा कि राज्‍य में किसानों को सभी योजनाओं और कार्यक्रमों के केन्‍द्र में रखा गया है। राज्‍य सरकार ने किसानों के ऋण माफ किए हैं और उनकी आय दोगुना करने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। मुख्‍यमंत्री ने कहा कि गन्‍ना किसानों के बकाए की बड़ी रकम का भुगतान कर दिया गया है। उन्‍होंने कहा कि 2020-21 में राज्‍य में 618 दशमलव एक-नौ लाख मीट्रिक टन अनाज का रिकॉर्ड उत्‍पादन हुआ।

Related posts

Leave a Comment