उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण के लिए आज 9 ज़िलों की 54 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है। सुबह 9 बजे तक 8.58% मतदान हुआ। मतदान सुबह सात बजे शुरु हुआ और शाम छह बजे तक चलेगा। लेकिन चंदौली और सोनभद्र जिले के नक्सली क्षेत्रों में कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान शाम चार बजे समाप्त हो जाएगा। इस चरण में नौ जिलों की 54 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। ये जिले हैं- मऊ, आजमगढ, जौनपुर, गाजीपुर, वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र और भदोही। इस चरण में कुल 613 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। सभी मतदान केन्द्रों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन और मतदाता पुष्टि पर्ची का प्रयोग किया जा रहा है।
कोरोना महामारी को देखते हुए निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कोविड सुरक्षित मतदान पर ध्यान केन्दित किया है। आयोग ने मतदान केन्द्र में निर्धारित डेढ हजार मतदाताओं के स्थान पर एक हजार दो सौ पचास मतदाताओं को वोट डालने की अनुमति दी है।