उत्तराखंड: चमोली जिले के जोशीमठ में जारी भूस्खलन से पांच सौ से ज्यादा परिवार और कई होटल प्रभावित, राहत के लिए टोल फ्री नंबर जारी

उत्तराखंड के चमोली जिले के जोशीमठ कस्बे में जारी भूस्खलन से पांच सौ से ज्यादा परिवार और कई होटल प्रभावित हुए हैं। प्रशासन ने भूस्खलन से प्रभावित लोगों को तुरंत राहत के लिए टोल फ्री नंबर- 8 1 7 1 7 4 8 6 0 2 जारी किया है। इसके साथ ही प्रशासन भूस्खलन और जमीन धंसने की घटनाओं पर नजर रखे हुए है।

राज्य के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि जोशीमठ के मकानों और होटलों में आ रही दरारों तथा जमीन धंसने को लेकर सरकार सतर्क है। इस समस्‍या से निपटने के लिए राज्य सरकार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। सतपाल महाराज ने यह भी बताया कि इस सिलसिले में जल्द ही योजना तैयार की जाएगी तथा आवश्‍यकतानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच सेना ने भूस्खलन के मद्देनजर प्रभावित इलाकों में रह रहे जवानों और उनके परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। ज्योतिर्मठ के निकट स्थित सैन्‍य कार्यशाला इकाई को खाली कराकर दूसरे स्‍थानों पर भेज दिया गया है।

उधर, जोशीमठ में हो रहे भूस्खलन और नुकसान के आकलन के लिए प्रदेश भाजपा महासचिव आदित्य कोठारी के समन्वय में 14 सदस्यीय समिति का गठन किया है। पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि कमेटी कल घटना स्थल का दौरा कर स्थानीय निवासियों, व्यवसायियों व जनप्रतिनिधियों से बात कर अपनी रिपोर्ट प्रदेश भाजपा अध्‍यक्ष को सौंपेगी।

Related posts

Leave a Comment