उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारी बारिश से प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। बाद में उन्होंने रुद्रप्रयाग पहुंचकर नुकसान के आकलन की समीक्षा भी की। उनके साथ राज्य के मंत्री धन सिंह रावत और राज्य के DGP अशोक कुमार भी थे।
प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बात कर राज्य में वर्षा से उत्पन्न स्थिति की जानकारी ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बात की और राहत तथा बचाव अभियान और बारिश से हुए नुकसान की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कुछ जगहों पर नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और प्रशासन सतर्क है। मौसम की चेतावनी के मद्देनजर राज्य के सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। प्रधानमंत्री ने राज्य को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वे सभी जिलों पर लगातार नजर रखे हुए हैं और जिलाधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं। मुख्यमंत्री आज वर्षा प्रभावित इलाकों का हवाई निरीक्षण कर रहे हैं। गढ़वाल और कुमाऊं क्षेत्र के पर्वतीय इलाकों में अभी भी हल्की बारिश हो रही है जिससे सभी प्रमुख नदियों का जल स्तर बढ़ रहा है।
मूसलाधार बारिश से कुमाऊं क्षेत्र के नैनीताल तथा अल्मोड़ा जिलों में आज 11 और लोगों की मौत हो गई, जिससे राज्य में बारिश की घटना में मरने वालों की संख्या 16 हो गई है। सेना और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल जिला प्रशासन के सहयोग से बचाव तथा राहत अभियान चला रहा है। राहत कार्य के लिए सेना के हेलीकॉप्टरों की भी मदद ली जा रही है।
इस बीच, उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग और चमोली जिले में ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज बारिश से हुए भूस्खलन के कारण कई स्थानों पर अवरुद्ध हो गया है। वाहनों की आवाजाही के लिए पहाड़ी इलाकों में सड़कों को खोलने के लिए युद्धस्तर पर मानव और मशीनरी को तैनात किया गया है।