इजराइल के मंत्रिमण्डल ने हमास के साथ चार दिन के संघर्ष विराम समझौते को मंजूरी दे दी है जिससे युद्धग्रस्त गाजा में अस्थाई रूप से हमले रूक जाएंगे। इस समझौते के तहत हमास गाजा पट्टी में बंधक बनाकर रखे गये करीब दो सौ चालीस बंधकों में से पचास को रिहा करेगा। इस्राइल ने कहा है कि वह प्रत्येक दस अतिरिक्त बंधकों को रिहा करने पर संघर्ष विराम की अवधि एक दिन और बढाने के लिए तैयार है। समझौते के तहत कल कुछ बंधकों को रिहा किये जाने की संभावना है। इस्राइल ने गाजा में अतिरिक्त ईंधन और मानवीय सहायता भेजे जाने पर भी सहमति व्यक्त की है। इससे पहले उसने गाजा में ईंधन और सहायता सामग्री की आपूर्ति पर रोक लगा रखी थी।
मंत्रिमंडल में मतदान से पहले प्रधानमंत्री बेंजामिन नेत्नयाहू ने कहा कि संघर्ष विराम की अवधि समाप्त होने पर हमास के खिलाफ हमले दोबारा शुरू कर दिये जाएंगे। इस्राइल के रक्षामंत्री योव गैलेंट ने दावा किया है कि इस्राइल की गाजा में जमीनी कार्रवाई के कारण हमास को बातचीत के लिए मजबूर होना पडा है। इस्राइल और हमास के बीच 7 अक्टूबर को हमास के इस्राइल पर अचानक हमले के साथ लडाई शुरू हुई थी जिसमें इजराइल-गाजा सीमा पर दोनों पक्षों के हजारों लोग मारे गये हैं।