आज का अखबार 16 सितंबर 2022, सुर्खियों में खबरें

आज का अखबार 16 सितंबर 2022, सुर्खियों में खबरें

समरकंद में शंघाई सहयोग संगठन की बैठक अखबारों की अहम खबर है। जनसत्‍ता की सुर्खी है- मोदी, चिनफिंग और पुतिन के साथ समरकंद के मंच पर दिखेंगे, 2019 के बाद संगठन का पहला प्रत्‍यक्ष शि‍खर सम्‍मेलन। हिंदुस्‍तान का कहना है- स्‍थानीय मुद्रा में व्‍यापार का रास्‍ता तलाशेगा शंघाई सहयोग संगठन। दैनिक भास्‍कर लिखता है- पुतिन से आज मिलेंगे मोदी, सस्‍ते तेल के आयात का रिकॉर्ड बनेगा। दूसरी तिमाही में कच्‍चे तेल का आयात एक हजार 176 प्रतिशत बढ़ा, डिस्‍कॉउंट से तीन हजार 500 करोड़ रुपए का फायदा। लखीमपुर खीरी में दो बहनों की दुष्‍कर्म के बाद हत्‍या में छह आरोपियों की गिरफ्तारी की खबर अखबारों के मुख पृष्‍ठ पर है। राजस्‍थान पत्रिका ने उच्‍चतम न्‍यायालय की टिप्‍पणी को अहमियत दी है- स्‍कूलों को यूनिफॉर्म निर्धारित करने का अधिकार। यूक्रेन से लौटे मेडिकल विद्यार्थियों को देश, विश्‍वविद्यालयों में दाखिले के मामले पर उच्‍चतम न्‍यायालय में केन्‍द्र सरकार के बयान पर अमर उजाला लिखता है- राष्‍ट्रीय चिकित्‍सा आयोग अधिनियम के अनुसार यूक्रेन से लौटे भारतीय मेडिकल विद्यार्थियों को भारतीय विश्‍वविद्यालयों में समायोजित नहीं किया जा सकता। पहल शीर्षक से हिंदुस्‍तान लिखता है- अजन्‍मी ब‍ेटियों का पितृपक्ष में तर्पण करेंगी कानपुर की महिलाएं। भ्रूण हत्‍या के खिलाफ 18 सितम्‍बर को शरशैया घाट पर महिलाएं करेंगी तर्पण, युग दधीचि देहदान संस्‍‍थान ने की यह सांकेतिक पहल।

Related posts

Leave a Comment