हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव की घोषणा अखबारों की अहम खबर है। जनसत्ता की सुर्खी है – गुजरात से पहले हिमाचल में बजा चुनाव का बिगुल, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा – 2017 की परंपरा का किया गया पालन।
उच्चतम न्यायालय में चुनावी बॉण्ड योजना मामले पर केन्द्र के बयान पर राष्ट्रीय सहारा लिखता है – चुनावी भ्रष्टचार रोकेगा बॉण्ड। इसके माध्यम से काला धन या बिना हिसाब का धन प्राप्त करना असंभव। दैनिक ट्रिब्यून कहता है कि चुनावी बॉण्ड का मामला बड़ी पीठ को भेजने का फैसला छह दिसम्बर को होगा।
वाराणसी के ज्ञानवापी प्रकरण में शिवलिंग की कार्बन डेटिंग के मामले पर स्थानीय अदालत के फैसले पर दैनिक जगरण लिखता है – शिवलिंग को पहुंच सकती है क्षति, इसलिए कार्बन डेटिंग की अनुमति नहीं। वाराणसी के जिला न्यायाधीश ने खारिज की वैज्ञानिक जांच की मांग।
थोक मुद्रा स्फीति के सितम्बर के आंकड़े पर हिन्दुस्तान की टिप्पणी है – महंगाई की मार से मामूली राहत। अगस्त के मुकाबले सितम्बर में दर कम हुई। हालांकि दहाई अंक में अब भी बरकरार। छह माह के लिए खाद्य तेलों पर आयात शुल्क छूट बढ़ाई गई। आने वाले महीनों में खुदरा मुद्रा स्फीति पर भी दिख सकता है इसका असर।
अमरीका में वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन के बयान पर दैनिक जागरण का कहना है – भारत 5जी तकनीक दूसरों को देने में सक्षम। वित्त मंत्री ने कहा – हमारी सार्वजनिक वस्तुएं जरूरतमंद देशों के लिए उपलब्ध। भारत ने स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा में वैश्विक मानक स्थापित किया।
मां भारती के सपूत वेबसाइट शुरू होने पर राजस्थान पत्रिका वीरों को नमन शीर्षक से लिखता है – अब आम लोग भी कर सकेंगे शहीदों के परिजनों की मदद। नेक काम में नागरिकों की भागीदारी। यह वेबसाइट पहले से चल रही केन्द्रीय अर्द्धसैनिक बलों की भारत के वीर वेबसाइट से अलग।
दैनिक भास्कर की विशेष खबर है – देश में 112 मेडिकल कॉलेज बनेंगे, दिल्ली में दो और कॉलेज खुलेंगे। दस लाख आबादी वाले जिन जिलों में मेडिकल कॉलेज नहीं हैं वहीं बनेंगे नए मेडिकल कॉलेज। एमबीबीएस की 11 हजार सीटें बढ़ेंगी।
नवभारत टाइम्स सचेत करता है – दिल्ली में बुखार के ज्यातर मरीजों की जांच में निकल रहा है डेंगू। घबराने जैसे स्थिति नहीं, लेकिन बचाव ही डेंगू के खिलाफ सबसे कारगर हथियार।