दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल की 15 अप्रैल तक की न्यायिक हिरासत अखबारों की बड़ी खबर है। जनसत्ता का कहना है- केजरीवाल के हवाले से प्रवर्तन निदेशालय का दावा, आतिशी और सौरभ भारद्वाज के सम्पर्क में था आरोपी विजय नायर। प्रवर्तन निदेशालय ने कहा जांच में सहयोग नहीं कर रहे केजरीवाल।
सर्वोच्च न्यायालय में कांग्रेस के आयकर संबंधी मामले पर पंजाब केसरी का शीर्षक है-कांग्रेस को बडी राहत, चुनावों तक आयकर नोटिस को लेकर कांग्रेस के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं। आयकर विभाग ने सुप्रीम कोर्ट को सूचित किया, कांग्रेस को भेजे हैं करीब तीन हजार पांच सौ करोड रूपये वसूली के नोटिस।
हिन्दुस्तान ने प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान का उल्लेख किया है-भारत को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना होगा। उन्होंने बैंकिंग क्षेत्र में नियम आधारित अनुशासन और विवेकपूर्ण राजकोषीय नीतियों की सराहना की। दैनिक जागरण ने प्रधानमंत्री के हवाले से लिखा है-शपथ लेने के दूसरे दिन से ही काम करने के लिए तैयार रहें अफसर।
भारतीय रिजर्व बैंक के स्थापना दिवस समारोह में 90 रूपये का सिक्का जारी। चुनावी सरगर्मियां अखबारों के मुखपृष्ठ पर हैं। राजस्थान पत्रिका की टिप्पणी है-चुनावी समर में सबको भाया परिवार, वंशवाद चुनावी मुद्दा जरूर, पर परहेज किसी को नहीं। मंत्री पुत्र-रिश्तेदार ठोक रहे हैं ताल।
