पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, नरसिम्हा राव और कृषि वैज्ञानिक एम.एस. स्वामिनाथन को भारत रत्न देने की घोषणा सभी अख़बारों में है। हिन्दुस्तान कहता है- सुधारों के सूत्रधारों को देश का सर्वोच्च सम्मान। हरिभूमि ने प्रधानमंत्री के इस वक्तव्य को दिया है कि ये सम्मान देश के लिए उनके अतूलनीय योगदान को समर्पित। राष्ट्रीय सहारा की सुर्खी है- भारत रत्न से जीता दिल।
डीप-फेक से निपटने के लिए नियमों में हो रहे बदलाव, इलेक्ट्रॉनिक और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा राज्यसभा में दी गई इस जानकारी को जनसत्ता ने प्रमुखता से देते हुए लिखा है कि इसके लिए सोशल मीडिया मंचों में जवाबदेही तय करने की व्यवस्था की जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा विभिन्न दलों के आठ सांसदों को लजीज व्यंजन की सजा को अमर उजाला ने सचित्र देते हुए लिखा है- कि प्रधानमंत्री ने इन नेताओं को फोन पर सजा देने के संदेश के साथ बुलाया और फिर सभी को संसद की कैन्टीन में लजीज लंच कराने के साथ खुलकर बातचीत की।
प्रदूषण के चलते फूलों से दूर हुए भंवरे- हिन्दुस्तान में है, पत्र ने इसे बड़े शहरों की कठिनाई बताते हुए लिखा है- हवा में मिले नाइट्रेट और ओजोन के कारण नहीं फैल रही खुशबू, पराग खाने वाले कीटों पर संकट।
राजस्थान पत्रिका ने जय विज्ञान शीर्षक से लिखा है- कि वैज्ञानिकों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता से बनाई दुनिया की पहली नन्ही परी, पत्र कहता है गुस्सा होती है, आम बच्चों की तरह रोती, मुस्कुराती भी है टॉग टॉग नाम की गुडिया।