अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने आज रियाद में सऊदी अरब के शहजादे के साथ एक बैठक की। बैठक में सऊदी अरब के शहजादे मुहम्मद बिन सलमान ने इजरायल-हमास संघर्ष को रोकने के तौर-तरीकों तथा अंतर्राष्ट्रीय विधि के पालन पर बल दिया। एक अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि दोनों नेताओं की यह बैठक लगभग एक घंटे चली।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने एक विज्ञप्ति में कहा कि विदेश मंत्री ने हमास के हमलों को रोकने और अपहृत लोगों की रिहाई तथा संघर्ष को नियंत्रित रखने पर बल दिया।
इससे पहले एंटनी ब्लिंकन ने सऊदी अरब के विदेश मंत्री फैजल बिन फरहान से रियाद में मुलाकात की। उन्होंने नागरिकों का संभावित नुकसान कम से कम करने पर बल दिया। एंटनी ब्लिंकन गुरूवार को इजरायल की यात्रा पर थे और उन्होंने हमास के विरूद्ध संघर्ष में इजरायल को पूरा समर्थन देने की बात कही थी।