समूचा उत्तर भारत भीषण शीतलहर की चपेट में है। मौसम विभाग ने राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में आज भी शीतलहर जारी रहने का अनुमान व्यक्त किया है। मध्य और पूर्वी भारत के कई क्षेत्रों में अगले दो दिन में न्यूनतम तापमान दो से तीन डिग्री गिरावट आने की सम्भावना है। देश के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में घना कोहरा छाया रहेगा। उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखण्ड, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और मध्य प्रदेश में आज तथा असम, मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले तीन दिन तक घना कोहरा छाया रहेगा।
मौसम विभाग ने बताया कि आज देश के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रहा। दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में कई स्थानो पर दृश्यता शून्य रही। पंजाब, हरियाणा उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में भी आज दृश्यता काफी कम रही।
तमिलनाडु, केरल और लक्षद्वीप में आज हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगिट, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में आज वर्षा के साथ-साथ बर्फबारी भी हो सकती है।
