विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर चार दिन की आधिकारिक यात्रा पर आज तंजानिया जा रहे हैं। डॉ. जयशंकर वहां उच्च स्तरीय वार्ता और तंजानिया के विदेश मंत्री के साथ 10वें संयुक्त आयोग की बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे। अपनी यात्रा के दौरान विदेश मंत्री सबसे पहले ज़ंज़ीबार जाएंगे। वहां वे भारत के सहयोग से स्थापित जल आपूर्ति संयंत्र का दौरा करेंगे। डॉ. जयशंकर भारतीय युद्धपोत त्रिशूल पर आयोजित समारोह में भी शामिल होंगे। विदेश मंत्री भारत के संसदीय मैत्री समूह के सदस्यों से मिलेंगे और भारत-तंजानिया व्यापार बैठक का उद्घाटन करेंगे। वे भारतीय प्रवासियों को संबोंधित करेंगे और दार उस सलाम में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। भारत और तंजानिया के मध्य घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। दोनों देशों के बीच शिक्षा सम्बंधों को अधिक सुदृढ़ करने के लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान- आई.आई.टी. इस वर्ष अक्टूबर में तंजानिया के ज़ंज़ीबार में अपना पहला विदेशी परिसर खोलेगा।
विदेश मंत्री डॉ. जयशंकर आज चार दिन की आधिकारिक यात्रा पर तंजानिया रवाना होंगे
