विदेश मंत्री डॉ. एस.जयशंकर स्लोवेनिया, क्रोएशिया और डेनमार्क की अपनी यात्रा के पहले चरण में आज ज़ुब्लज़ाना पहुंचे। उन्होंने स्लोवेनिया के विदेश मंत्री डॉ. आंजे़ लोगर के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। दोनों नेता राजनीतिक तथा आर्थिक संबंधों को और मजबूत बनाने पर सहमत हुए। उन्होंने अफगानिस्तान और हिन्द प्रशांत क्षेत्र पर भी अपने विचार साझा किए। डॉ. जयशंकर ने स्लोवेनिया के राष्ट्रपति बारोट पाहुर से भी भेंट की। दोनों नेताओं ने भारत और यूरोपीय संघ के समक्ष मौजूद प्रमुख चुनौतियों पर चर्चा की। स्लोवेनिया ने विदेश मंत्री डा. एस. जयशंकर को यूरोपीय संघ के सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों की अनौपचारिक बैठक में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया है। वह स्लोवेनिया में आयोजित ब्लेड स्ट्रैटेजिक फोरम और हिन्द-प्रशांत क्षेत्र में नियम-आधारित व्यवस्था विषय पर पैनल चर्चा में भाग लेंगे। कल क्रोएशिया की अपनी यात्रा के दौरान, डॉ. जयशंकर वहां के विदेश मंत्री गॉर्डन ग्रिलिक रेडमैन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
विदेश मंत्री इस महीने की 4 और 5 तारीख को डेनमार्क में रहेंगे, जहां वह विदेश मंत्री जेप्पे कोफोड के साथ भारत-डेनिश संयुक्त आयोग की बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे। बैठक में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग की व्यापक समीक्षा की जाएगी।