वित्त मंत्री ने केंद्रीय बजट 2022-23 पेश करने से पहले राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, वित्त राज्य मंत्री भागवत किशनराव कराड, पंकज चौधरी और वित्त मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने केंद्रीय बजट 2022-23 पेश करने से पहले राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की।

वित्‍त मंत्री निर्मला सीतारामन आज सुबह 11 बजे संसद में वित्‍त वर्ष 2022-23 का बजट प्रस्‍तुत करेंगी। उसके बाद बजट की प्रति राज्‍यसभा के पटल पर रखी जाएगी। आज सुबह मंत्रिमंडल की बैठक होगी, जिसमें केन्‍द्रीय बजट 2022-23 को अनुमोदित किया जायेगा। निर्मला सीतारामन दूसरी बार संसद में कागज रहित बजट प्रस्‍तुत करेंगी। पहला कागज रहित केन्‍द्रीय बजट वर्ष 2021-22 में पेश किया गया था।

वित्‍त मंत्री निर्मला सीतारामन द्वारा प्रस्‍तुत किए जाने वाला यह चौथा बजट होगा। इससे पहले वित्‍त मंत्री ने बजट 2022-23 के लिए विभिन्‍न क्षेत्रों के हितधारकों के साथ परामर्श बैठक की थी। इन समूहों में वित्‍तीय एवं पूंजी बाजार, ट्रेड यूनियन तथा श्रम संगठन तथा उद्योग सेवाएं तथा व्‍यापार, कृषि उद्योग, बुनियादी ढांचा और अर्थशास्‍त्री शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्‍न राज्‍यों के वित्‍त मंत्रियों के साथ भी बैठक की गई थी। संसद में पेश होने के बाद यह बजट यूनियन बजट मोबाइल ऐप पर उपलब्‍ध कराया जाएगा, ताकि सांसदों और आम लोगों को बजट दस्‍तावेज डिजिटल रूप में आसानी से प्राप्‍त हो सके। इस मोबाइल ऐप के जरिए वार्षिक वित्‍तीय विवरण जिसे बजट भी कहा जाता है, के अलावा अनुदान मांग और वित्‍त विधेयक सहित आम बजट के 14 दस्‍तावेजों की जानकारी मिल सकेगी। यह ऐप अंग्रेजी और हिन्‍दी दोनों भाषाओं में उपलब्‍ध होगा।

Related posts

Leave a Comment