वरिष्ठ भाजपा नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि दक्षिणी राज्यों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए के पक्ष में उत्साह है। तेलंगाना के जगतियाल में आज एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा तेलंगाना के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि जगतियाल की जनसभा में एकत्रित जनसैलाब स्पष्ट संकेत है कि हवा का रुख किस तरफ है। प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से राज्य के तीव्र विकास को सुनिश्चित करने के लिए एनडीए के पक्ष में मतदान करने का आग्रह किया।
तेलंगाना के मेरे साथियों, बीआरएस और कांग्रेस को एक-दूसरे के लिए चाहे कितनी भी कवर फायर कर लें इनकी एक-एक लूट का हिसाब होता रहेगा। मोदी तेलंगाना के लोगों को गारंटी देता है कि तेलंगाना को लूटने वालों को छोडेगा नहीं। ये मोदी की गारंटी है।
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की शक्ति को अपमानित करने वाली उनकी टिप्पणी को लेकर आलोचना की है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि चन्द्रयान-3 का लैंडर विक्रम जहां चन्द्रमां की धरती पर उतरा उस स्थान का नाम शिव शक्ति प्वाइंट दिया गया है।
हम सब शक्ति की आराधना करते हैं कि नहीं करते हैं। पूरा हिन्दुस्तान शक्ति की आराधना करता है कि नहीं करता है। अरे हमने तो चंद्रयान की सफलता को भी किसको समर्पित किया। चंद्रयान की सफलता को भी जहां चंद्रयान ने लैंड किया हमने उस सफलता को भी शिव शक्ति नाम लेकर के शिव शक्ति को समर्पित किया है और ये लोग शक्ति के विनाश का बिगुल फूंक रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने आईएनडीआई गठबंधन को तेलंगाना के लोगों को अपमानित करने का आरोपी ठहराया।