लोकसभा की सुरक्षा में सेंध के मुद्दे पर हंगामा जारी रहने के बीच संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित कर दी गई।
आज सुबह लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, डीएमके, जनता दल यूनाइटेड और अन्य दलों सहित विपक्ष के सांसद सदन के बीचो-बीच आकर सरकार के विरूद्ध नारेबाजी करने लगे। वे इस मुद्दे पर विपक्षी सांसदों के निलंबन का भी विरोध कर रहे थे।
सांसद हाथों में पर्चे लहरा रहे थे और गृहमंत्री अमित शाह के बयान तथा इस मुद्दे पर सदन में चर्चा कराने की मांग कर रहे थे। इसके बाद पीठासीन अधिकारी ने सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी।
राज्य सभा में भी ऐसा ही हंगामा जारी रहा। सभापति जगदीप धनखड़ ने सुरक्षा में सेंध के मुद्दे पर विपक्षी सदस्यों के स्थगन प्रस्ताव को अनुमति नहीं दी। सभापति ने कहा कि इस मामले की जांच जारी है और तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचेगी।
कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, डीएमके, वामदलों और अन्य सदस्य इस मुद्दे पर सरकार से बयान देने की मांग करने लगे। सभापति ने सदन के नेता, विपक्ष के नेता और अन्य नेताओं को अपने चेंबर में बैठक के लिए बुलाया। शोर-शराबे के बीच सदन की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित कर दी गई।
संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने लोकसभा की सुरक्षा में सेंध के मुद्दे पर विपक्ष के विरोध की आलोचना की है। संसद भवन में प्रह्लाद जोशी ने संवाददाताओं से कहा कि विपक्षी सदस्यों को जिम्मेदारी से व्यवहार करना चाहिए क्योंकि यह बहुत संवेदनशील मामला है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर उच्चस्तरीय जांच जारी है। प्रह्लाद जोशी ने कहा कि यह मामला अदालत में भी है और लोकसभा अध्यक्ष ने जो भी निर्देश दिए सरकार उनका पूरी तरह से पालन कर रही है।