प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि अयोध्या में राम मन्दिर का निर्माण सिर्फ हमारी विरासत का गौरव फिर से प्राप्त करना ही नहीं है बल्कि विकास का एक नया अध्याय भी है। अयोध्या में भारत रत्न लता मंगेशकर चौक के उदघाटन समारोह से वर्चुअली जुड़ते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि राम मन्दिर का निर्माण जल्द ही पूरा होने जा रहा है और जिस तरह अयोध्या ने भगवान राम को युगों से जीवंत रखा है, उसी तरह लता मंगेश्कर के भजन और गीतों ने भी लाखों लोगों के हृदय में भगवान राम को सजीव रखा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि 2020 में राम मन्दिर की आधारशिला रखे जाने के तुरन्त बाद लता मंगेश्कर ने उनसे बात की और इस चिर-प्रतीक्षित घड़ी के आने पर प्रसन्नता व्यक्त की थी। श्री मोदी ने कहा कि लता जी मॉं सरस्वती की सच्ची शिष्या थी जिन्होंने अपने दैवीय स्वर से पूरे विश्व को मंत्रमुग्ध किया।
इससे पहले उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवंगत लता मंगेश्कर की 93वीं जयन्ती के मौके पर लता मंगेशकर चौक का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या बदल रही है और पूरी दुनिया इस प्राचीन शहर की तरफ आशा भरी दृष्टि से देख रही है। मुख्यमंत्री ने अयोध्या के लोगों से कहा कि वे स्वच्छता को भगवान राम के शहर की नई पहचान बनायें।
संस्कृति मंत्री जी0 किशन रेड्डी, राज्य के पर्यटन और संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, अयोध्या के अनेक संत और गण्यमान्य व्यक्ति इस अवसर पर मौजूद थे। लता मंगेश्कर के भतीजे आदिनाथ मंगेश्कर भी अपनी पत्नी कृष्णा मंगेश्कर के साथ उपस्थित थे। इस अवसर पर अयोध्या के रामकथा पार्क में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
