यूक्रेन में जारी कड़े संघर्ष के बीच संयुक्त राष्ट्र महासभा का विशेष सत्र बुलाने के प्रस्ताव पर मतदान करने के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक भारतीय समयानुसार आज रात डेढ़ बजे बुलाई गई है। अमेरिका और अल्बानिया ने यूक्रेन के घटनाक्रम पर महासभा का विशेष सत्र बुलाने की प्रक्रिया पर मतदान कराने का अनुरोध किया है। इस प्रक्रिया के अंतर्गत सुरक्षा परिषद के 15 सदस्यों में से नौ सदस्य किसी फैसले के पक्ष में मतदान करते हैं, तो वीटो अधिकार वैध नहीं रहता है।
संयुक्त राष्ट्र महासभा का आपात विशेष सत्र सोमवार को बुलाने का अनुरोध किया जाएगा। यह घटनाक्रम संयुक्त राष्ट्र में यूक्रेन पर एक प्रस्ताव पर रूस द्वारा वीटो अधिकार का प्रयोग करने के बाद सामने आया है। रूस पर लाए गए इस प्रस्ताव के पक्ष में ग्यारह मत पड़े और एक विरोध में रहा। तीन सदस्य मतदान में अनुपस्थित रहे। इस प्रस्ताव पर मतदान के दौरान भारत, चीन और संयुक्त अरब अमारात अनुपस्थित रहे थे। भारत ने यूक्रेन की स्थिति पर तत्काल तनाव घटाने का आह्वान किया है और समाधान के लिए कूटनीतिक प्रयासों पर बल दिया है।