शिक्षकों के महत्वपूर्ण योगदान को मान्यता देने और राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के कार्यान्वयन को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आज शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षक पर्व-2021 शुरू हो रहा है। यह पर्व आभासी माध्यम से इस महीने की 17 तारीख तक जारी रहेगा।
राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद आज वर्चुअल माध्यम से 44 शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कारों से सम्मानित करेंगे। शिक्षकों की उत्कृष्टता और प्रतिबद्धता को सम्मान देने के लिए पहली बार 1958 में राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कारों की शुरूआत की गई थी। ये पुरस्कार प्राथमिक और माध्यमिक स्कूल में काम कर रहे प्रतिभाशाली शिक्षकों को सार्वजनिक रूप से सम्मान देने के लिए दिये जाते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार सुबह शिक्षा से जुड़े शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और हितधारकों को सम्बोधित करेंगे। प्रधानमंत्री स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग की पांच पहलों का शुभारंभ करेंगे। इनमें शामिल हैं – दस हजार शब्दों का भारतीय सांकेतिक भाषा शब्द कोष, नेत्रहीनों के लिए ऑडियो टॉकिंग बुक्स, सीबीएसई का स्कूल क्वालिटी एसेसमेंट एंड एक्रिडिटेशन फ्रेम वर्क, निपुण भारत के लिए निष्ठा टीचर्स ट्रेनिंग प्रोग्राम और विद्यांजलि पोर्टल। इस कॉनक्लेव में मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी, डॉक्टर सुभाष सरकार और डॉक्टर राजकुमार रंजन सिंह शामिल होंगे। इस महीने की 17 तारीख तक वेबीनार, चर्चा, प्रस्तुतिकरण आदि होंगे।