राजस्थान के जैसलमेर में विश्व प्रसिद्ध मरू महोत्सव शुरू हो गया है। इस चार दिवसीय उत्सव की शुरूआत भव्य शोभायात्रा के साथ हुई, जिसके बाद मिस पोकरण और मिस्टर पोकरण प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ।
पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन द्वारा आयोजित किया जा रहा मरू महोत्सव कोविड के कारण दो साल के अंतराल बाद हो रहा है। चार दिन चलने वाले इस महोत्सव में साफा बांधो, पनिहारी मटका, मेंहदी और मांडना जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही है। कल कैमल सफारी, ऊंट साज-सज्जा और अलंकरण प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 15 फरवरी को कैमल पोलो मैच विशेष आकर्षण होगा। बीएसएफ द्वारा कैमल टैटू शॉ का आयोजन भी इसे और आकर्षक बनाएगा। महोत्सव का समापन घुड़ दौड, ऊंट नृत्य, आकर्षक आतिशवाजी और लोक कलाकारों की सुरीली तानों और लोक वाद्यों के मधुर स्वर लहरियों के साथ 16 फरवरी को होगा।
