रक्षा खरीद परिषद-डीएसी ने देश की प्रतिरक्षा क्षमता और युद्ध तैयारियों को सशक्त बनाने के लिए चार हजार 276 करोड़ रुपये के तीन रक्षा खरीद प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में आज हुई इस बैठक में हेलिना टैंक रोधी गाइडेड मिसाइल, लॉन्चर और उससे संबंधित सहायक उपकरणों, वेरी शॉर्ट रेंज एयर डिफेंस सिस्टम मिसाइल और ब्रह्मोस लांचर और फायर कंट्रोल सिस्टम की खरीद को मंजूरी दी गई।
रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि देश की उत्तरी सीमाओं पर हाल के घटनाक्रमों के मद्देनजर ऐसी प्रभावी वायु प्रतिरक्षा प्रणालियों पर ध्यान देने की आवश्यकता है जिन्हें बीहड़ इलाकों और समुद्री क्षेत्र में तैनात किया जा सके। ब्रह्मोस लॉन्चर और फायर कंट्रोल सिस्टम को भारतीय नौसेना के लिए शिवालिक श्रेणी और अगली पीढ़ी के मिसाइल युक्त युद्ध पोतों पर लगाया जाएगा।