मौसम विभाग ने आज से देश के कई हिस्सों में आंधी और तेज हवा चलने का अनुमान व्यक्त किया है। देश के पश्चिमोत्तर हिस्सों में आज से 4 मई तक वर्षा हो सकती है। देश के पूर्वी हिस्सों और दक्षिण प्रायद्वीपीय इलाकों में 6 मई तक तथा पूर्वोत्तर क्षेत्र में कल तक बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने बताया है कि देश के मध्यवर्ती इलाकों सहित राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में आज से वर्षा होने की सम्भावना है।
मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक आर0 के0 जेनामनी ने कहा कि मध्य भारत के कुछ हिस्सों में बारिश होने से गर्मी से राहत मिल सकती है। अगले पांच दिनों में देश के प्रमुख हिस्सों में लू नहीं चलेगी। हालांकि, राजस्थान, गुजरात और मध्य महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में तापमान 40 डिग्री के आसपास रह सकता है। अंडमान में मछुआरे को इस महीने की 5 तारीख से समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।