मुंबई और उपनगरीय क्षेत्रों में कल रात से तेज वर्षा जारी, कई स्थानों पर पानी भरा

मुंबई और उपनगरीय क्षेत्रों में कल रात से तेज वर्षा जारी, कई स्थानों पर पानी भरा

मुंबई और उपनगरीय क्षेत्रों में कल रात से तेज वर्षा हो रही है, जिससे कई स्थानों पर पानी भर गया है। पिछले 24 घंटों में मुंबई शहर में उनासी दशमलव छह सात मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आज तीसरे पहर मुंबई, पालघर, ठाणे और रायगढ़ जिलों सहित कोंकण क्षेत्र में कहीं-कहीं तेज वर्षा होने का अनुमान व्यक्त किया है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर गरज के साथ बौछारे पडने और बिजली चमकने तथा तेज हवाओं के साथ सामान्य वर्षा होने की आशंका व्यक्त की गई है। इस क्षेत्र में तेज से बहुत तेज वर्षा होने और कुछ स्थानों पर मूसलाधार वर्षा होने का अनुमान है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें और बड़े पेड़ों के आस-पास खड़े न हों।

विशेष रूप से 13 और 14 जून को प्रतिकूल मौसम की चेतावनियों को देखते हुए बृहन मुंबई नगर-निगम ने आपदा प्रबंधन अधिकारियों, अग्निशमन विभाग, बृह्न मुंबई विद्युत आपूर्ति और परिवहन विभाग और अन्य बिजली कंपनियों तथा राहत और पुनर्वास अधिकारियों को सतर्क रहने के आदेश दिए हैं। नगर निगम ने शिक्षा विभाग से कहा है कि वह सभी 34 वार्डों में आपात स्थिति में शरण के लिए स्‍थलों की पहचान करें। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की जरूरत के बारे में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, तटरक्षक और नौसेना के साथ भी समन्वय किया जा रहा है।

इस बीच, सेंट्रल रेलवे ने कुर्ला और सायन तथा दादर और कुर्ला के बीच रेलवे लाइन पर पानी भर जाने को देखते हुए लोकल ट्रेन सेवाएं स्थगित कर दी हैं।

Related posts

Leave a Comment